"Bhagwanpur:- बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े फाइनेंस कारोबारी पर की फायरिंग, मची भगदड़, राहगीर घायल, (देखें वीडियो)..

भगवानपुर: अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे दिन के उजाले में पुलिस को खुली चुनौती देने से भी नहीं हिचक रहे। लक्सर के बाद अब भगवानपुर कस्बा भी बदमाशों के निशाने पर आ गया है। गुरुवार शाम सरेबाजार फाइनेंस कारोबारी पर की गई फायरिंग से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार भगवानपुर थाना क्षेत्र निवासी फाइनेंस कारोबारी आदी राणा शाम के समय अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उन पर तमंचा तान दिया और बिना किसी चेतावनी के फायर झोंक दिया। गनीमत रही कि गोली कारोबारी को नहीं लगी और दीवार से जा टकराई।

हालांकि गोली के छर्रे पास ही नल पर पानी पी रहे भूरे नामक युवक की कमर में लग गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक के गिरते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही दुकानदारों ने शटर गिरा लिए और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पीड़ित कारोबारी ने पुलिस को बताया कि हमलावर रुहालकी और प्रताप कॉलोनी क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त और खुफिया तंत्र पर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।